मणिमहेश से बद्रीनाथ की पदयात्रा पूरी करने के बाद खज्जन में बाबा बालक नाथ मंदिर में जाता युवक। -
सुलयाली/नूरपुर (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र नूरपुर के गांव डन्नी के युवक वाकी ने अपनी अटूट आस्था और भक्ति का परिचय देते हुए मणिमहेश से बद्रीनाथ तक की 1414 किलोमीटर पदयात्रा नंगे पांव पूरी की। यह यात्रा उन्होंने 70 दिनों में पूरी की जो अब श्रद्धा, विश्वास और मातृभक्ति की मिसाल बन गई है।
यह यात्रा केवल धार्मिक संकल्प नहीं थी, बल्कि मां की मन्नत और बेटे की भक्ति का ऐसा संगम था जिसने सबका दिल छू लिया। वाकी की मां सुमन देवी ने खज्जन स्थित प्राचीन बाबा बालक नाथ मंदिर में मन्नत मांगी थी कि उनका बेटा यात्रा सफलतापूर्वक पूरी करके लौटे। सोमवार को यात्रा पूर्ण होने के बाद वाकी अपने परिवार के साथ बाबा बालक नाथ मंदिर पहुंचे और मन्नत पूरी कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
वाकी ने बताया कि उन्होंने यात्रा मणिमहेश से जल लेकर पैदल प्रारंभ की और बद्रीनाथ पहुंचकर जलाभिषेक किया। इसके बाद हरिद्वार गाड़ी से पहुंचे और वहां से जल लेकर पुनः पैदल चलते हुए चंबा के भरमौर स्थित चौरासी मंदिर में भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। खज्जन मंदिर के पुजारी दीपक शर्मा ने वाकी की यात्रा को आस्था की शक्ति का अद्भुत उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण है कि सच्चा विश्वास हर असंभव को संभव बना सकता है।