धर्मशाला। लोक निर्माण विभाग की ओर से सोमवार से धर्मशाला स्थित कांगड़ा कला संग्रहालय के भवन को सुरक्षित बनाने के लिए डंगा का काम शुरू किया जाएगा। यह कार्य उपायुक्त हेम राज बैरवा के निर्देशानुसार किया जाएगा। इसके लिए 25 लाख रुपये का टेंडर किया गया है और विभाग ने डेढ़ माह के भीतर कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
पिछले दिनों जिले में हुई लगातार बारिश के कारण संग्रहालय भवन पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया था। संग्रहालय परिसर और बस अड्डे की ओर की ढलान से मलबा और पेड़ गिर रहे थे, जिससे भवन को नुकसान और स्टाफ व पर्यटकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा था।
कला संग्रहालय की अध्यक्ष रितु मलकोटिया ने कहा कि सोमवार से डंगा कार्य शुरू होने से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान कार्यालय में बैठकर भी पल-पल भूस्खलन का खतरा महसूस होता था। संग्रहालय ऐतिहासिक धरोहरों का केंद्र है और देश-विदेश से पर्यटक इसे देखने आते हैं।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल धर्मशाला के अधिशाषी अभियंता दिनेश शर्मा ने बताया, एचआरटीसी बस अड्डे से लगती कला संग्रहालय की पहाड़ी पर डंगा लगाया जाना है। सोमवार से कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का जायजा भी लिया जाएगा।