बृज मोहन कंठबाल
लंबागांव (कांगड़ा)। विकास खंड लंबागांव की मैला पंचायत के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से जर्जर हालत में चल रहे स्वास्थ्य उपकेंद्र को अब नया और आधुनिक भवन मिलने जा रहा है। इसके निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 50 लाख रुपये की राशि मंजूर कर लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी गई है। पंचायत चुनावों के चलते लागू आचार संहिता के कारण फिलहाल कार्य शुरू नहीं हो पाया है। आदर्श चुनाव आचार संहिता समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
वर्तमान में स्वास्थ्य उपकेंद्र का भवन काफी पुराना और खस्ताहाल हो चुका है। भवन की दीवारों और छत की स्थिति खराब होने के चलते इसे विभाग ने असुरक्षित घोषित किया है। ऐसे में यहां स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करना न केवल चुनौतीपूर्ण बल्कि जोखिम भरा भी बन गया है। कई बार स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने इस स्थिति को लेकर चिंता जताई थी।
नए भवन के निर्माण से मैला पंचायत ही नहीं बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोगों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से स्थानीय निवासी और पंचायत प्रतिनिधि नए भवन की मांग कर रहे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए भवन के बनने से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा लोगों को इलाज के लिए दूरदराज के अस्पतालों का रुख भी कम करना पड़ेगा।
स्वास्थ्य उपकेंद्र के नए भवन के लिए 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। आदर्श चुनाव आचार संहिता के कारण अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सकता। इसके हटते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कर दिया जाएगा। -अंकित समकड़िया, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग जयसिंहपुर