खुंडियां (कांगड़ा)। उपमंडल ज्वालामुखी की तहसील खुंडियां के लोगों ने सड़कों की दशा को सुधारने की मांग की है। इसको लेकर ग्रामीणों ने प्रदेश लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर को सामूहिक पत्र लिखा है। साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन सपड़ी-पनहार सड़क के नवंबर 2024 से बंद पड़े कार्य के बारे में भी अवगत करवाया। साथ ही मांग की है कि उनकी समस्याओं को सुनने का समय दिया जाए। तहसील खुंडियां की लगभग सभी सड़कों की हालत बेहद खराब है। स्थानीय लोगों कर्नल महेंद्र सिंह, दलीप सिंह, कुलदीप सिंह, गगन कुमार, हरभजन सिंह, संजीव कुमार, जगदीश चंद आदि ने कहा कि गांव थलाकन सुरानी के पास दो माह से पुलिया गिर जाने के बाद दर्जनों गांवों का संपर्क तहसील खुंडियां से कट गया है। विकल्पित सड़क गुम्मर-कोके-खुंडियां का समय पर रखरखाव न होने से लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों को पत्र लिखे लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो पाई है। संवाद