नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां के वार्ड 3 में शनिवार सुबह एक पक्के मकान में आग लगने से बलदेव कुमार पुत्र ध्यान चंद को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है लेकिन आशंका जताई जा रही है कि घर के अंदर रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो।
हादसा सुबह 9 बजे के बाद हुआ, जब घर का मालिक दिहाड़ी लगाने गया था और घर पर कोई नहीं था। घर के अंदर से धुआं निकलते देख किसी ने बलदेव कुमार को सूचित किया। उसने घर आकर देखा कि फ्रिज, टीवी, बिस्तर, कपड़े और अन्य सामान जल गया है। गनीमत रही कि आग रसोई में रखे गैस सिलिंडर तक नहीं पहुंची नहीं तो ज्यादा नुकसान हो सकता था। एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि उन्होंने मौके का जायजा लिया है और मौके पर मौजूद पटवारी को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। संवाद