नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। कांगड़ा घाटी रेलमार्ग पर पिछले कई दिन से तीन अप और तीन डाउन रेलगाड़ियां बिना कारण बंद करने से लोगों में आक्रोष बढ़ने लगा है। गुस्साए लोगों ने 15 दिसंबर से भूख हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इससे भी बात नहीं बनी तो रेल मंत्रालय का घेराव भी किया जाएगा। कांगड़ा घाटी के लोग यात्री संघर्ष समिति के बैनर तले 15 दिसंबर को अध्यक्ष कर्म सिंह नंदा के नेतृत्व में गुलेर रेलवे स्टेशन पर भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
नंदा ने बताया कि कांगड़ा घाटी रेलमार्ग पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक चलने वाली तीनों अप और डाउन गाड़ियों को बहाल नहीं किया गया तो भूख हड़ताल के साथ ही अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। वहीं, नव भारत एकता दल ने भी संघर्ष समिति के आंदोलन का समर्थन किया है। दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद विश्वकर्मा ने कहा कि कांगड़ा घाटी रेलमार्ग पर बंद की गई रेलगाड़ियों की बहाली के लिए एकता दल ने 27 अगस्त को रेल भवन नई दिल्ली में एक दिवसीय प्रदर्शन और जंतर मंतर पर भूख हड़ताल की थी। तब आश्वासन दिया गया था कि रेल इंजनों की मरम्मत के बाद रेलगाड़ियों को यात्रियों की सुविधा के लिए बहाल कर दिया जाएगा। नव भारत एकता दल ने चेतावनी दी है कि यदि रेल विभाग ने शीघ्र रेलगाड़ियों की बहाली नहीं की तो दल के सदस्य कांगड़ा घाटी के लोगों के साथ दिल्ली में रेल मंत्रालय के सामने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।