जसूर/नूरपुर/डमटाल। दिवाली पर्व के चलते मार्केट में दूध में मिलावट और मिलावटी मिठाइयां बाहर से आना शुरू हो गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलग-अलग बाजारों से क्विंटलों के हिसाब से मिठाइयां फेंकवाई जा चुकी हैं। फूड इंस्पेक्टर मंजीत कुमार ने जसूर, नूरपुर, डमटाल और राजा का बाग बाजार में टीम के साथ दबिश देकर मिलावटी मिठाइयां फेंकवाई हैं। साथ ही अलग-अलग दुकानाें से चार मिठाइयों के सैंपल भी भरे हैं।
इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग मिठाइयों के 15 सैंपल भर चुका है। नकली खोया भी मार्केट में खूब बिक रहा है। अगर सैंपल फेल पाए जाते हैं तो स्वास्थ्य विभाग दुकानदारों के चालान कोर्ट में पेश करेगा। इसके बाद दुकानदारों को कोर्ट जुर्माना और सजा भी दे सकता है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी आरएस राणा ने कहा कि सैंपल भरने का काम दिवाली तक चलता रहेगा। सोमवार को डमटाल और आसपास के इलाकों में सैंपल भरे गए हैं। इन्हें जांच के लिए कंडाघाट लेबोरेटरी को भेजा जा रहा है।