देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। परागपुर ब्लॉक के गांव घियोरी में रविवार सुबह एक स्लेटपोश मकान में घरेलू गैस चूल्हे पर चाय बनाते समय आग भड़क गई। इससे रसोई घर पूरी तरह से राख हो गया। रसोई गैस पर चाय बना रही महिला ने भाग कर जान बचाई। मवेशियों के लिए रखा चारा भी जल गया है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मनसा सिंह पुत्र दिलीप सिंह निवासी घियोरी की पत्नी कृष्णा कौर ने रविवार सुबह चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा ऑन किया और लाइटर के जलाते ही चूल्हे में लगी पाइप ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते पाइप पूरी तरह से पिघल गई और सिलेंडर ने आग पकड़ ली। महिला आग से बचते हुए रसोई घर से बाहर निकली और चिल्लाना शुरू कर दिया। चिल्लाने के आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने इकट्ठे होकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, मगर सफल नहीं हो सके और रसोईघर राख हो गया। इसी बीच किसी ने ज्वालामुखी स्थित फायर ब्रिगेड को सूचित किया। साथ ही गैस सर्विस में काम करने वाले विजय कुमार को सूचित किया। उसने लोगों को सलाह दी कि सुरक्षित दूरी बनाकर गीला रेत सिलेंडर पर फेंके। लोगों ने वैसा ही किया, सारे सिलेंडर पर गीला रेत डाल दिया। जिससे आग थोड़ी काबू में आ गई। फायर बिग्रेड की गाड़ी भी ओम प्रकाश के नेतृत्व में मौके पर पहुंच गई। जिन्होंने अग्निशमन यंत्र से आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। मनसा राम ने बताया कि उन्हें आग से करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। पटवारी नसीब सिंह ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। डीएसपी देहरा रेणु शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसडीएम देहरा विनय कुमार ने बताया कि नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दे दिए गए हैं।