धर्मशाला। नगर परिषद धर्मशाला को दिन के समय लाइटें जलाने की शहरी विकास विभाग निदेशक की फटकार के बाद भी होश नहीं आया है। शनिवार को धर्मशाला शहर एक बार फिर लाइटें जलती रहीं। शहर के कोतबाली बाजार, चीलघारी और अस्पताल सहित वार्ड नंबर -10 आदि में दिन भर लाइटें जलती रही लेकिन किसी भी अधिकारी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। नप धर्मशाला पर बिजली बोर्ड का लाखों रुपये का कर्जा चुकाने को है लेकिन फिर भी नप बिजली की बचत करने की बजाय आए दिन दिन के समय दिन के समय ही स्ट्रीट लाइटें जलाकर बिजली खर्च कर रहा है। हैरत की बात तो यह है कि पिछले सप्ताह शहरी विकास विभाग के निदेशक कैप्टन जेएम पठानिया ने शहर का दौरा कर इसकी बिजली और सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान दिन के समय स्ट्रीट लाइटें जलाने पर फटकार भी लगाई थी लेकिन एक सप्ताह के बाद ही नप धर्मशाला इसे भूलकर एक बार फिर दिन के समय ही लाइटें जला दी। उधर, नगर परिषद अध्यक्ष कमला पटियाल ने बताया कि स्ट्रीट लाइटों को दिन के समय जलाने संबंधित कोई जानकारी नहीं है। हो सकता है कि बिजली लाइनों की जांच को लेकर दिन के समय शहर के कुछ भाग की स्ट्रीट लाइटें जलाई हों।