धर्मशाला। खेल नगरी धर्मशाला में शरारती तत्वों ने एक स्कार्पियो गाड़ी को जला डाला। कोतवाली बाजार के साथ लगते गुरुद्वारा रोड पर सोमवार आधी रात को इस वारदात को अंजाम दिया गया है। गत वर्ष भी पीड़ित व्यक्ति की एक अन्य टाटा सफारी गाड़ी को जलाने का प्रयास किया गया था। लेकिन सतर्कता के चलते नुकसान टल गया। वाहन मालिक ने इस संदर्भ में रात को ही पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है।
गुरुद्वारा रोड धर्मशाला निवासी गौरव ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि सोमवार सायं घर के बाहर गुरुद्वारा रोड पर उसने अपनी स्कार्पियो को खड़ा किया। इसके बाद रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच किसी ने गाड़ी को जला दिया। आग देखकर पड़ोसियों ने वाहन मालिक को सूचना दी। मौके पर एकत्रित लोगों ने घर से बर्तनों में पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन तब तक गाड़ी का इंजन व अन्य वायरिंग जलकर राख हो चुकी थी। हैरानी की बात तो यह है कि वारदात के दौरान रात्रि गश्त पर कोई भी नहीं था। जिला मुख्यालय पर पुलिस विभाग की इस तरह की ढील सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रही है। हालांकि इस रोड पर दो जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। माना जा रहा है कि शॉट सर्किट की वजह से गाड़ी में आग लगी। साथ ही जिस जगह पर गाड़ी खड़ी थी, वहां पर पहले से कूड़ा का ढेर भी लगा हुआ था। गाड़ी में लगी आग के कारण समीपवर्ती कूड़ा भी जल गया। उधर, एसएचओ धर्मशाला देसराज चंद्रोटिया ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की छानबीन की जा रही है।
शहर में रात्रि गश्त एक हफ्ते से बंद
विधानसभा चुनावों के चलते होमगार्ड के जवानों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। इस वजह से पिछले एक सप्ताह से शहर में रात्रि गश्त बंद है। ऐसा माना जा रहा है कि शरारती तत्वों ने रात्रि गश्त बंद होने का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया है।