दिसंबर माह में धर्मशाला डिवीजन की स्क्रैप और खड़ी बसों की होगी नीलामी
मुख्यालय स्तर की कमेटी करेगी नीलामी के लिए बसों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के धर्मशाला डिवीजन में लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी बसों को हटाने की तैयारी शुरू हो गई है। निगम ने डिवीजन की 98 पुरानी बसों को कंडम कर नीलाम करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इससे निगम के बेड़े में जगह खाली होगी और लंबे समय से खड़ी बसों का निपटारा हो सकेगा।
दिसंबर तक इन बसों की नीलामी प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। निगम प्रबंधन ने इसके लिए चरणबद्ध योजना बनाई है। पहले बसों को कंडम करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 23 नवंबर को मुख्यालय स्तर की कमेटी बसों का निरीक्षण करेगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बसों की नीलामी की जाएगी। निगम ने 25 दिसंबर तक कंडम करने की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। इस नीलामी में 12 मीटर लंबी बसें भी शामिल हैं।
निगम प्रबंधन के अनुसार धर्मशाला डिवीजन में ऐसी बसों की संख्या 13 है। इनके संचालन में रूट की कमी और तकनीकी परिस्थितियां बाधा बनी हुई थीं। हालांकि, इन बसों में कोई बड़ी तकनीकी खराबी नहीं थी, लेकिन पर्याप्त रूट उपलब्ध नहीं होने के कारण इनका इस्तेमाल नहीं हो पा रहा था। एचआरटीसी डिवीजन धर्मशाला के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढ़ा ने बताया कि बसों को कंडम करने और नीलाम करने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पूरी की जाएगी। इसके लिए डिवीजन और मुख्यालय स्तर पर कमेटियां निरीक्षण करेंगी। दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास है।