धर्मशाला। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गांव की सड़क के लिए आए सीमेंट से निर्माण ठेकेदार ने अपना मकान बना डाला। सरकारी निर्माण सामग्री के दुरुपयोग का यह मामला विजिलेंस जांच में उजागर हुआ है। जांच एजेंसी ने श्यामनगर में सरकारी सीमेंट के बैग पकड़े थे। ठेकेदार को जुलाई महीने में 200 सीमेंट बैग जारी किए गए थे। लेकिन भागसूनाग से रक्कड़ सड़क का काम शुरू करने के बजाय ठेकेदार ने 67 बैग सीमेंट को अपने घर के निर्माण में खपा दिया। विजिलेंस ने कुल 133 बैग बरामद किए थे जिनमें से 12 बैग आधे और चार खाली पाए गए थे।
उधर, स्मार्ट सिटी परियोजना के सीईओ एवं एमसी धर्मशाला के आयुक्त संदीप कदम ने कहा कि ठेकेदार से पूरा सरकारी सीमेंट रिकवर किया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। वहीं, नगर निगम धर्मशाला के भागसूनाग वार्ड के पार्षद ओंकार नेहरिया ने कहा कि इस प्रकार सरकारी सीमेंट का दुरुपयोग सहन नहीं किया जाएगा। इस मामले को आमसभा में प्रमुखता से रखा जाएगा।