कर्मियों को समय पर वेतन, न खाते में ईपीएफ
यूनियन की बैठक में बोर्ड के फैसलों का विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश बिजली मजदूर एकता यूनियन देहरा इकाई की बैठक शनिवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह परागपुर में हुई। अध्यक्षता यूनियन के राज्य उपाध्यक्ष ऋशु भारत ने की। राज्य उपाध्यक्ष ने कहा कि बिजली बोर्ड में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिलना और खातों में ईपीएफ न डालना बहुत बड़ी समस्याएं हैं। वहीं, उन्होंने बोर्ड के प्रबंध निदेशक से निवेदन किया है कि वे आउटसोर्स कर्मचारियों को पेश आने वाली इस समस्या का निवारण करें। एक्टेंशन के लिए विद्युत बोर्ड टेस्ट लेने की बात कर रहा है, जो सरासर अनुचित है। क्योंकि, आउटसोर्स कर्मचारी पिछले 10-15 सालों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसलिए यह बात कह उनके भविष्य से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। बैठक में कर्मचारियों ने बोर्ड प्रबंधन से आग्रह किया है कि आउटसोर्स कर्मियों को विद्युत बोर्ड में समायोजित किया जाए। इस अवसर पर देहरा इकाई के प्रधान नवीन कुमार, कोषाध्यक्ष कमल किशोर, निखिल, प्रवीण, अमित, विक्रम, शेखर, विजय, संदीप, रमन, कमल कुमार, राज कुमार और रजत आदि मौजूद रहे।