सरवीण ने नवाजे कल्याड़ा मेले के पहलवान
मेला कमेटी को पंद्रह हजार देने की घोषणा
धर्मशाला। शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि प्रदेश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में गुणात्मक स्वास्थ्य सुविधाओं को सुनिश्चित बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागनपट्ट, बंडी और कल्याड़ा पंचायतों के लोगों के लिए मुख्यमंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि नागनपट्ट में भूमि की चयन प्रक्रिया जारी है। जैसे ही भूमि की उपलब्धता होगी, पीएचसी भवन के निर्माण का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इस पर दो करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। यह जानकारी शहरी विकास मंत्री ने शुक्रवार को देर सायं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कल्याड़ा मेले में कुश्तियों के समापन समारोह में दी। सरवीण चौधरी ने कहा कि प्रदेश में वर्ष भर विभिन्न अवसरों पर मेलों का आयोजन किया जाता है जो समाज में समरसता और मेलजोल की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। शहरी विकास मंत्री ने छिंज मेला मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए दो लाख रुपये तथा मेला कमेटी को पंद्रह हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने छिंज में बड़ी माली के विजेता को चालीस हजार, जबकि उप-विजेता को तीस हजार रुपये, छोटी माली के विजेता को 17 हजार रुपये और उपविजेता को 14 हजार रुपये की नकद राशि देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रधान ब्रह्मानंद, सचिव भगवान दास, प्रधान सपना देवी, रक्षा देवी, बीडीसी इंदु, भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश मनु, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष अश्वनी चौधरी, तिलक शर्मा, बलवीर चौधरी, किशोरी लाल, विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेला कमेटी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।