भवारना (कांगड़ा)। भवारना बाजार में अब तक बिजली की तारों के जाल से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की आस जगी है। साथ ही बिजली की तारों से होने वाली स्पार्किंग के खतरे से भी राहत मिलने वाली है।
बाजार में बिजली की लाइनों का हाल ऐसा है कि यहां पर कभी भी तारों के बने जाल से कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन, बिजली बोर्ड बाजार में अब एबी केवल डालेगा। यह केवल बाजार में करीब दो किलोमीटर तक नई डाली जाएगी। साथ ही 35 से 40 नए पोल भी लगाए जाएंगे। इसके लिए बिजली बोर्ड ने एक्सईएन की अगुवाई में भवारना पंचायत के हर गली का दौरा वीरवार को किया है। अब बिजली बोर्ड इस पर जल्द काम करने जा रहा है। भवारना कस्बे में काफी समय से बिजली की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ता है। इससे लोगों के साथ दुकानदारों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। बिजली के खंभों पर कई जगह तारों के जाल बन चुके हैं, इससे स्पार्किंग का खतरा बना रहता है। कई बार आग लगी भी है। इसे देख भवारना के लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार से इस सिस्टम को सुधारने के लिए मांग की थी। लिहाजा, स्वास्थ्य मंत्री के आदेशों के बाद बिजली बोर्ड के अधिकारी वीरवार को भवारना पहुंचे। उधर, बिजली बोर्ड के एक्सईएन ओमप्रकाश ने कहा कि भवारना में बिजली के सिस्टम को सुधारने के लिए 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे केवल, पोल और उपकरणों को बदला जाएगा। उनके साथ एसडीओ विरेंद्र सिंह, जेई अशोक कुमार और नरेश कुमार मौजूद रहे।
लोग काफी समय से उठा रहे थे मांग : परमार
सुलह विस के विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि भवारना के लोग बिजली सिस्टम को सुधारने की मांग चुनावों के समय से कर रहे थे। उनकी समस्या को हल करने के लिए बिजली बोर्ड को आदेश दे दिए हैं। भवारना कस्बे के लोगों की यह समस्या अब जल्द दूर हो जाएगी।