अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। नगर परिषद अध्यक्ष सुमन वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित नगर परिषद की बैठक में निर्णय लिया गया कि पुलिस थाना के सामने सब्जी विक्रेता बार-बार प्रशासन की ओर से हटाने के बावजूद सड़क पर अतिक्रमण कर राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए बाधा बन रहे हैं। कोर्ट परिसर के सामने से लेकर सब्जी मार्केट तक सड़क के दोनों तरफ लोहे की रेलिंग लगाई जाएगी, ताकि बाजार पर कोई अतिक्रमण न कर सके। बैठक की जानकारी देते हुए नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी कंचन बाला ने बताया कि सब्जी मार्केट में नगर परिषद की ओर से बनाए गए खोखों के किराये का लंबे समय से भुगतान न करने पर आठ खोखा धारकों के खिलाफ कोर्ट में किराया वसूली और उन्हें खाली करवाने के लिए मामले दायर किए जाएंगे। साथ ही सड़क किनारे बैठे रेहड़ी फड़ी वालों को सब्जी मार्केट में जगह आवंटित की जाएगी। इसके लिए बाकायदा रेहड़ी फड़ी वालों को जगह अलॉट की जाएगी। बैठक में पुराना कांगड़ा में नगर परिषद के सामुदायिक भवन में शादी या अन्य समारोह के लिए बुकिंग करवाने पर 5100 रुपये का शुल्क प्रतिदिन के हिसाब से निर्धारित किया गया। नगर में लावारिस कुत्तों का वेक्सीनेशन 15 दिनों के भीतर करने का फैसला लिया गया। साथ ही एक नया स्लाटर हाउस बनाने का फैसला भी लिया गया। बैठक में नप उपाध्यक्ष श्याम नारायण, पार्षद अशोक शर्मा, कोमल, पुष्पा चौधरी, सुषमा वर्मा, नीतू, अनुराधा भी उपस्थित रहे।