कांगड़ा/नगरोटा बगवां। नगरोटा बगवां में हनुमान मंदिर के पास मंगलवार देर रात आर्मी की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के पेड़ से टकरा गई। गाड़ी की टक्कर में योल में तैनात ब्रिगेडियर शांतनू सहित अन्य तीन घायल हुए हैं। दुर्घटना में ब्रिगेडियर शांतनू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका टांडा में उपचार के बाद उन्हें सेना के अधिकारी सेना के अस्पताल ले गए हैं। दुर्घटना के बाद ब्रिगेडियर शांतनू की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। बुधवार को उन्हें सेना के हेलीकाप्टर से रेफ र कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ब्रिगेडियर कोमा में हैं। सड़क दुर्घटना में घायल अन्य लोगों में सकील अहमद, दलीप और दविंद्र को इलाज के लिए टांडा अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मेडिकल कॉलेज टांडा के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया दुर्घटना के बाद ब्रिगेडियर शांतनू को सेना के हेलीकॉप्टर में अधिकारी टांडा से रेफर करवाकर ले गए हैं। बाकी के तीन घायलों का इलाज चल रहा है। उधर, दिन भर टांडा में सेना के जवान की गतिविधियां जारी रहीं। टांडा में हेलिकाप्टर लैंड हुआ। उसके बाद सेना की ही एंबुलेंस के माध्यम से ब्रिगेडियर को हेलिकाप्टर में ले जाया गया। इस दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम थे। उधर, पुलिस थाना नगरोटा बगवां प्रभारी एनडी थिंड ने बताया कि देर रात सेना की गाड़ी की दुर्घटना का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना में मामला दर्ज नहीं हुआ है।