ेअमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। अपनी मांगों के लेकर बीएसएनएल अधिकारी और कर्मचारी दो दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं। बीएसएनएल अधिकारियों और कर्मचारियों ने धर्मशाला मंडल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
एनएफटीई के प्रदेशाध्यक्ष सत्येंद्र गौतम ने बताया कि बीएसएनएल कर्मचारियों और अधिकारियों ने जनवरी 2017 से देय वेतनमान को जारी करने और निगम को विभाजित कर नई टावर कंपनी बनाने के निर्णय के विरोध में मंगलवार से दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस हड़ताल में धर्मशाला में कर्मचारी संगठन, बीएसएनएल कर्मचारी यूनियन, नेशनल टेलीकॉम फेडरेशन, एसएनईए एआईबीएसएनएल और अन्य संगठन के सभी सदस्यों ने हड़ताल में भाग लिया। भारी बारिश के बावजूद भारी संख्या में कर्मचारियों और अधिकारियों ने चीलगाड़ी स्थित महाप्रबंधक कार्यालय में एकत्रित होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। राजस्व जिला कांगड़ा और चंबा में स्थित बीएसएनएल के सभी दूरभाष केंद्र एनटीआर, रखरखाव के कार्य और प्रशासनिक कार्यालय बंद रहे। इस मौके पर एनएफटीई के जिला सचिव सत्येंन घई, वीरेंद्र कौशल, बीएसएनएलईयू के जिलाध्यक्ष रतनेश शर्मा, अजय नरूला, वीरेंद्र चौधरी, कमलदीप, एसइनईए के संजीव दीवान, राजेश शर्मा, सरला चौधरी, सुषमा ठाकुर, एआईबीएसएनएल के जिला सचिव रमेश चंद और सतिंद्र भराडिया आदि नेता मौजूद रहे।
्र