कपिल शर्मा
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। सूबे में 100 फीसदी मतदान को अनिवार्य करने और जमीनी स्तर पर इसे कामयाब बनाने के लिए पहली बार दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। इससे उनमें लोकतंत्र को मजबूत करने में भारी उत्साह का संचार होगा। ज्वालामुखी में 92 बूथों में से कुछ बूथ चिह्नित किए गए हैं, जहां पर दिव्यांग मतदाताओं को व्हील चेयर और उन्हें मतदान करवाने की पूरी प्रक्रिया में मदद की जाएगी। ज्वालामुखी विधानसभा में कुल 58 दिव्यांग मतदाता हैं। पहली बार भारत चुनाव निर्वाचन आयोग की ओर से किए जा रहे ऐसे प्रयोगों की बदौलत 100 फीसदी मतदान की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।
इसके अलावा ज्वालामुखी विधानसभा में 5 आदर्श मतदान केंद्र गुम्मर-1-2, ज्वालामुखी 40-41-42-43, कथोग-25, कुटियारा 72-73 भी स्थापित किए गए हैं, जहां पर मतदाताओं के लिए विशेष तरह की अत्याधुनिक सुविधाएं रहेंगी। इसके अलावा पहला मौका होगा, जब विधानसभा में 27 बूथ ऐसे बनाए गए हैं, जहां पर बेब कास्टिंग के माध्यम से लाइव मतदान इंटरनेट के माध्यम से देखा जा सकेगा।
ज्वालामुखी विधासनभा में इस बार 71,466 मतदाता मतदान करेंगे, जिसमें 35,879 पुरुष मतदाता होंगेे और 35,587 महिला मतदाता होंगे। ऐसे में इस तरह के नए-2 प्रयोगों से मतदाताओं को 100 फीसदी मतदान करने के लिए जागरूक करने के साथ-2 नया अनुभव भी करवाया जाएगा, जो कि मजबूत लोकतंत्र की नींव रखने में एक अहम कड़ी साबित होगा। चुनाव निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम ज्वालामुखी राकेश कुमार शर्मा का इस संबंध में कहना है कि 100 फीसदी मतदान हो, इसके लिए दिव्यांग मतदाताओं को भी समस्त सुविधा देने का प्रयास है। इस लिए एक भी मतदाता चाहे वह महिला या दिव्यांग, युवा, बुजुर्ग कोई भी हो, सुविधाओं की कमी के चलते मतदान करने से वंचित न रहे, इसका पूरा प्रयास रहेगा।