धर्मशाला। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सीपी वर्मा ने बताया कि चुनाव के दौरान जिले में पुलिस और अन्य निगरानी टीमों की ओर से नकदी जब्त करने के मामलों की जांच करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त केके सरोच की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। व्यय निगरानी समिति के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मस्त राम भारद्वाज कमेटी के संयोजक और जिला कोषाधिकारी कमेटी के सदस्य होंगे। यह कमेटी नकदी जब्त करने के विभिन्न मामलों की जांच करेगी और किसी राजनीतिक दल अथवा उम्मीदवार और चुनावी अभियान से जब्त नकदी का संबंध न पाए जाने पर तुरंत संबंधित व्यक्ति को जब्त नकदी जारी करने के लिए कदम उठाएगी। नकदी जब्त करते हुए जब्ती दस्तावेजों में इसके खिलाफ अपील की प्रक्रिया का उल्लेख करना और संबंधित व्यक्ति को भी मौके पर इस बारे में बताना जरूरी होगा।