परागपुर(कांगड़ा)। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी संघ ब्लॉक परागपुर के अध्यक्ष राकेश पटियाल ने कहा कि राजनीतिक दल अपने घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन बहाली करने को प्राथमिकता दें। प्रदेश में इस समय 80 हजार के लगभग एनपीएस कर्मचारी विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों में कार्यरत हैं। इसलिए प्रदेश की राजनीति में बदलाव की उक्त कर्मचारी एवं उनके परिवार अहम भूमिका निभा सकते हैं। कर्मचारी कोई भीख नहीं मांग रहे हैं, बल्कि अपना हक मांग रहे हैं। पूरे जीवनकाल में सरकारी सेवाएं देने के बाद जब बुढ़ापे में उसे पैसों की जरूरत होती है, तो उसे खाली हाथ वापस भेज दिया जाता है, जबकि बुढ़ापे में वो कोई ओर काम भी नहीं कर सकता। ऐसे में सरकार और नेताओं को हमारी स्थिति को ध्यान में रख कर उचित निर्णय जल्द लेना चाहिए। पेंशन बहाली से कर्मचारियों के साथ सरकार को भी लाभ होगा। क्योंकि, जो राजस्व कर्मचारियों के हिस्से का उन्हें कंपनी को हर माह देना पड़ता है। उससे भी छुटकारा होगा।