पानी के लिए खाली वर्तन लेकर प्रदर्शन
ग्रामीणों ने आईपीएच को चेताया, एक सप्ताह में हल करें दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
रे (कांगड़ा)। फतेहपुर उपमंडल के भारन, रियारा, भाटी नगाल, अप्पर नगाल गांव के ग्रामीणों ने पानी की समस्या को लेकर खाली वर्तन लेकर रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आईपीएच को अल्टीमेटम दिया है कि अगर एक सप्ताह के भीतर समस्या का हल नहीं किया तो वे आईपीएच के अधिकारियों का घेराव करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि गांवों में गर्मी के सीजन में पीने के पानी की भारी किल्लत है। पेयजल योजना की छोटी लाइन होने के कारण ग्रामीणों को पर्याप्त मात्रा में पानी आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीण करनैल सिंह, जंगी राम, परमजीत, प्रधान गोरख राम, संतोष, सुनीता, रजनी, मलका, सत्या, शैलो, ऊषा, संयोगिता, सुनीता, दर्शना, निशा, वंदना, रिंपी, कांता, उर्मिला, शांति, आशा ने कहा कि पानी की सप्लाई चाटा ठेहड़ ओल्ड खोड़ टैंक से आती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1981 में इस टैंक का निर्माण किया गया था। तब गांवों में जनसंख्या कम थी, लेकिन अब 38 साल बाद पानी की कमी आ रही है। उन्होंने आईपीएच से टैंक की क्षमता बढ़ाने और पाइपें बड़ी डालने की गुहार लगाई है। इस बारे में ग्रामीण एसडीएम फतेहपुर को भी लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं हो पाया है। इस मौके पर पंचायत प्रधान गोरख राम, बीडीसी अजय सिंह, मोहन सिंह, गगन सिंह, रमेश, शेर सिंह, अजीत, काकू, कांता देवी, बीना, रेखा, कृष्णा देवी आदि उपस्थित रहे। उधर, आईपीएच फतेहपुर के कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार का कहना है कि इस योजना की पाइपें बदलने की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। मंजूरी मिलने के बाद पांच किलोमीटर की पाइप लाइन बदल दी जाएगी।