नगरोटा सूरियां सीएचसी आयुर्वेदिक डॉक्टर के हवाले
बीएमओ फील्ड में, एक डॉक्टर छुट्टी पर, एक पद खाली
सीएचसी में चेकअप करवाने के लिए घंटों इंतजार
नीरज शर्मा
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरोटा सूरियां में मरीजों को सुबह से ही अपनी बारी के इंतजार में खड़े रहना पड़ता है। सीएचसी में खंड चिकित्सा अधिकारी के अलावा डॉक्टरों के दो और पद सृजित हैं। इनमें से एक रिक्त चल रहा है। बीएमओ को विभागीय कार्यों के चलते अक्सर बाहर जाना पड़ता है। एक डॉक्टर के छुट्टी पर होने से ओपीडी आयुर्वेदिक विभाग के चिकित्सक के हवाले है। स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को चेकअप करवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। लगभग 30 पंचायतों के लोग सीएचसी नगरोटा सूरियां केंद्र पर निर्भर हैं। बावजूद इसके सुविधाओं का भारी टोटा है। यहां से सिर्फ मरीजों को रेफर करने का ही प्रावधान है। प्रतिदिन करीब डेढ़ सौ के आसपास ओपीडी रहती है। जांच करवाने पहुंचे मरीज रमण कुमार ने बताया कि वह सुबह साढ़े नौ बजे अस्पताल में आए हैं। 11 बजे तक उनका नंबर जांच के लिए नहीं आया है। व्यासो देवी, सपना, रानी देवी ने कहा कि वे भी डेढ़ घंटे से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
कोट्स
बीएमओ डॉ. मोहन चौधरी ने कहा कि डॉक्टर और अन्य स्टाफ के रिक्त पदों के बारे में निदेशालय को अवगत करवा दिया गया है।