पालमपुर (कांगड़ा)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद शांता कुमार से उनके निवास पर शनिवार को कई विधायकों और भाजपा नेताओं ने मुलाकात की। शांता कुमार शिमला से शुक्रवार रात को ही पालमपुर पहुंचे थे। इससे पहले वे दिल्ली में संसद में भाग लेने गए थे। शांता के घर पहुंचने का पता चलते ही शनिवार को उनके साथ कई विधायकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुलाकात की। इसमें बैजनाथ के विधायक मुल्खराज प्रेमी, जयसिंहपुर के विधायक रवि धीमान, ज्वाली के विधायक अर्जुन ठाकुर, इंदौरा की विधायक रीता धीमान, नगरोटा बगवां के मंडल अध्यक्ष डॉ. बरमानी समेत कई कार्यकर्ता और जिला चंबा के लोग शांता से मिले। मौजूद विधायकों और लोगों ने शांता से पार्टी के अंदर चले कई मामलों को लेकर बात की, जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री के बारे भी उन्होंने शांता से बात की। शांता ने हर नेता से यह ही कहा कि हाईकमान जो भी करेगा, वह प्रदेश के लिए बेहतर होगा। सीएम का फैसला भी हाईकमान ही करेगा।