अमर उजाला ब्यूरो
खुंड़ियां(कांगड़ा)। खुंड़ियां लाहडू गांव के 12 घरों में दस दिन से पानी की सप्लाई बिल्कुल ठप है। पानी न मिलने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की महिलाओं ने पानी न आने पर मंगलवार को लोक निर्माण विभाग और आईपीएच विभाग के कार्यालय में धावा बोल दिया और दोनों विभागों के कर्मचारियों से पानी की आपूर्ति बहाल करने की गुहार लगाई।
इससे पहले भी लोगों ने पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए आईपीएच विभाग को लिखित और मौखिक शिकायत भी की है, लेकिन बावजूद इसके अभी तक लोगों को राहत नहीं मिल पाई है। इन परिवारों को अतिक्रमण पर कार्रवाई होने के बाद से ही पानी नहीं मिल रहा है, क्योंकि लोक निर्माण विभाग ने अतिक्रमण हटाते समय पानी की पाइपें भी तोड़ दी थी, जो अभी तक ठीक नहीं हो पाई है। इस समस्या से परेशान महिलाओं ने पहले आईपीएच दफ्तर में जाकर धरना दिया और अपनी नाराजगी जाहिर की। विभाग के लोगों ने गांव की औरतों से बातचीत की और बताया कि जल्द पानी की समस्या को हल किया जाएगा। इसके बाद महिलाओं ने लोक निर्माण कार्यालय में जाकर प्रदर्शन किया। लोनिवि के एसडीओ ने महिलाओं से फोन पर बात कर एक दिन बाद पानी की पाइपें ठीक करने का आश्वासन दिया। गांव की महिलाओं रेखा देवी, सपना कुमारी, शिल्पा वर्मा, उर्मिला देवी, सुमना देवी, सरल देवी, अनिता देवी, संतोष कुमारी ने कहा कि अगर बुधवार तक पानी नहीं आया तो तहसीलदार खुंड़ियां से शिकायत करेंगी।