परागपुर (कांगड़ा)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गरली ने बुधवार को वार्षिक समारोह मनाया। इस मौके पर परागपुर के खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि आज के छात्र कल के भारत के भाग्य विधाता हैं, इनके शिक्षण, अध्यापन और संस्कारों का रोपण करने का कार्य शिक्षकों का है, लेकिन मां-बाप का भी कर्तव्य है कि वे भी बच्चों में नैतिक गुणों का बीजारोपण करें।
उन्होंने बच्चों से महान लोगों के जीवन चरित्र पड़ने का भी आह्वान किया। प्रधानाचार्य अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि वार्षिकोत्सव का आयोजन करना हम सब के लिए बड़े ही गर्व की बात है। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के अध्यापकों के प्रति श्रद्धा और समर्पण का प्रसंग सुनाकर प्रोग्राम आफिसर और कार्यक्रम संचालक श्याम शर्मा ने सभी शिक्षकों की श्रेष्ठता प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने शिक्षा, सांस्कृतिक, खेलकूद, पेंटिंग, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया। वहीं, इस मौके पर स्कूली बच्चों ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। कंचन और सुमित मेहता को स्टूडेंट आफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया। जमा एक के अंकित और छठी के भानु शर्मा का विशेष उल्लेख किया गया। इस अवसर पर प्रधान ध्यान सिंह, बिंदु कुमारी, अंजना, सपना, नरवीन गरलानी, कुसुमलता, आरती सूद, स्वरूप गोस्वामी, राकेश पटियाल, सुदर्शन कुमार, सुमित कुमार, प्रमोद पटियाल और रमेश बर्द्धन भी उपस्थित रहे।