धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेले जाने वाले आईपीएल मुकाबलों के दौरान सुरक्षा का जिम्मा लगभग 700 पुलिस, गृहरक्षकों और अधिकारियों पर होगा। मैच के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कांगड़ा पुलिस की ओर से प्लान तैयार किया है। इस बार शहर में मैचों के दौरान टैक्सियों के संचालन को लेकर विशेष व्यवस्था किए जाने को लेकर योजना बनाई जा रही है। इसमें इनके आवागमन सहित यात्रियों को उतारने-बैठाने के लिए भी स्थल चिह्नित किए जाएंगे।
मैच के दिन सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी शहर में नजर रखेगी। एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में 11, 14, 17 और 26 मई को आईपीएल के मुकाबले होंगे। इस दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सहित वाहनों की पार्किंग के स्थलों के निर्धारण संबंधी प्लान को तैयार किया जा रहा है। इस बार भी पूर्व की भांति शहर का ट्रैफिक प्लान रहेगा। शहर को 7 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। शहर में मैच देखने पहुंचने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था पुलिस मैदान, दाड़ी मेला मैदान, पुलिस लाइन, डीसी कांगड़ा ऑफिस पार्किंग, साई स्टेडियम और चरान फुटबाल मैदान में रहेगी।
वहीं, इस बार चीलगाड़ी रोड पर वाहनों की पार्किंग और आवाजाही न होने से परेशानी हो सकती है। पुल के निर्माण के कारण यह मार्ग अवरुद्ध है। इसके अलावा 17 मई को मैच और नगर निगम धर्मशाला के मतदान होने के कारण भी चुनौती रहेगी। उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि आईपीएल मैचों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्लान तैयार किया जा रहा है।