जवालामुखी (कांगड़ा)। शिक्षा खंड देहरा के तहत विभिन्न स्कूलों में कार्यरत अनुबंध शिक्षकों की बैठक ज्वालामुखी में हुई। इसमें शिक्षकों के डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त करने या न करने के लिए असमंजस की स्थिति पर चर्चा हुई। अध्यापकों ने इस दिशा में सही निर्देश जारी करने की मांग उठाई है। अनुबंध अध्यापकों प्रवीण शर्मा, कमल किशोर, राकेश शर्मा, अमित, बनीता, कुलवंत और सुरजीत भाटिया ने बताया कि शिक्षकों में डीएलएड प्रशिक्षण को लेकर असमंजस की स्थिति है क्योंकि अनुबंध शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए अवकाश का भी प्रावधान नहीं है। केंद्र सरकार की शिक्षकों को 2017 से 2019 के शैक्षणिक सत्र तक प्रशिक्षित होने की शर्त जबरदस्ती उन पर थोपी जा रही है। क्योंकि, शास्त्री अध्यापकों की त्रिवर्षीय डिग्री है, जोकि अब तक प्रशिक्षित अध्यापकों की श्रेणी में ही माने जाते रहे हैं। वहीं उनकी नियुक्तियां भी आरटीई एक्ट 2009 के आधार पर हुई हैं। ऐसे में अब उनको डीएलएड का प्रशिक्षण करने के आदेश उचित नहीं हैं। अध्यापकों ने प्रदेश सरकार से इस विषय पर सही दिशा निर्देश देने का आग्रह किया है।