अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। उपमंडल नगरोटा सूरियां के अधीन अमलेला वाया जरोट से घारजरोट को जोड़ने वाली संपर्क सड़क नाले में तबदील हो गई है। सड़क के कीचड़ से लबालब रहने के चलते लोगों का वाहन चलाना और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बड़े-बड़े गड्डों में तबदील हो चुकी सड़क पर रोजाना वाहनों के छुटपुट हादसे भी हो रहे हैं। करीब 8 से 10 हजार आबादी को लाभान्वित करने वाली सड़क बदहाली की स्थिति में है। बदहाल सड़क पर चौपहिया तो दूर दोपहिया वाहन भी चलाना किसी खतरे से खाली नहीं है। हालांकि, इस सड़क को हरसर से नगरोटा सूरियां से जोड़ने की योजना है। वहीं, गज्ज खड्ड पर बने पुल का पूर्व सरकार में दो बार शिलान्यास हो गया लेकिन जनता में दुख है कि सड़क की हालत नाले से भी बदतर हो गई है। अमलेला, जरोट और घारजरोट की पंचायतों के लोग रोजाना सड़क की बदहाल हालत के चलते परेशान हो रहे हैं। बारिश होने पर सड़क तालाब बन जाती है। स्थानीय पंचायतों के लोगों प्रीतम चंद, देवराज, सतीश कुमार, रविंद्र शर्मा, रशपाल, रमन, सतपाल सिंह, जोगिंदर, उर्मिला देवी, कमलेश कुमारी, रजनीश, मंजू वाला, श्रेष्ठा देवी, बिंदु कुमारी, प्रकाश चंद, शिव कुमार, मेहर सिंह, बलविंद्र, पूजा रानी आदि ने संबंधित विभाग और स्थानीय विधायक अर्जुन सिंह से मांग की है कि सड़क की खस्ता हालत को जल्द सुधारा जाए। लोक निर्माण विभाग नगरोटा सूरियां में एसडीओ केसी पाधा ने कहा कि सड़क के कुछेक हिस्से में कंकरीट डालने का टेंडर हो गया है। जल्द ही सड़क की दशा सुधारी जाएगी।