धर्मशाला। जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में मतदान प्रक्रिया को अंजाम देने सड़क से गई पोलिंग पार्टी में शामिल दो चुनाव कर्मी बीमार हो गए हैं। जानकारी अनुसार बड़ा भंगाल के अत्यंत ऊंचाई पर स्थित होने के कारण पोलिंग पार्टी में शामिल दो कर्मचारियों की तबीयत डिहाईड्रेशन के कारण खराब हो गई है। हालांकि, उन्हें वहां तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। अब उनकी हालत बेहतर है। जिला निर्वाचन अधिकारी सीपी वर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन बड़ा भंगाल गई टीम के साथ निरंतर संपर्क में है। धर्मशाला में चौपर तैयार रखा गया है और वीरवार को मौसम अनुकूल रहने पर पोलिंग टीम को चौपर से वापस लाया जाएगा। चंडीगढ़ से भी हेलीकॉप्टर की सेवाएं मांगी गई हैं।