पपरोला रेलवे स्टेशन के पास राहत कैंप में पहुंचाए घायल
ट्रेन दुर्घटना को लेकर मॉक ड्रिल, कई विभागों ने लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा तथा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के संयुक्त तत्वावधान में पपरोला रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। रेलवे स्टेशन के पास ही चिकित्सा एवं राहत कैंप की स्थापना की गई, जहां घायलों को लाया गया, वहीं लोगों के लिए भोजन इत्यादि की व्यवस्था के लिए भी आवश्यक कदम उठाए गए।
दरअसल मंगलवार प्रात: 6 बजे ट्रेन दुर्घटना को लेकर यहां मॉक ड्रिल शुरू हुई। इसकी जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों को दी गई। जानकारी मिलने के तुरंत बाद सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और खोज तथा बचाव कार्य शुरू किया। एसडीएम बैजनाथ रामेश्वर दास ने एरिया कमांडर के रूप में खोज एवं बचाव अभियान की कमान संभाली। इस दौरान बचाव दल के साथ आपातकालीन वाहन, स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। 108 आपातकालीन सेवा का भी सहयोग लिया गया। इस प्रकार सभी विभागाें के सहयोग के साथ इस अभ्यास को पूरा किया गया। इस अवसर पर एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रवि शंकर सहित सेना, एनडीआरएफ, रेलवे, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित थे।