शिव-पार्वती की झांकी ने मोहा दर्शकों का मन
बैजनाथ (कांगड़ा)। पपरोला होली मेले का वीरवार को समापन हो गया है। अंतिम मेले के दौरान 17 झांकियां पपरोला बाजार में निकाली गईं। इनमें नया बस अड्डा बाजार की शिव पार्वती की झांकी ने सबका मन मोह लिया। इसके अलावा 120 साल से लगातार निकलने वाली मां काली की झांकी भी लोगों के आस्था का केंद्र रही। 120 साल से एक ही परिवार के लोग इस झांकी को निकाल रहे हैं। सत्यनारायण बाजार ने केवट के भाग्य, मोती बाजार ने मां वैष्णो देवी, उतराला रोड से मां शिकारी देवी, कृष्णा मार्केट ने लक्ष्मी पूजन और शिव पार्वती, पंचायत मार्केट ने मां अंबिका, खूह बाजार ने देवराज इंद्र दरबार सहित आसपास के गांव से भी आकर्षक झांकियां निकाली गईं। होली मेला कमेटी प्रधान संजय सोनी ने बताया कि पांच दिन तक चले मेले में प्रतिदिन विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से झांकियां निकाली गईं। जल्द ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें झांकियों और अन्य विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।