किसानों ने देखा सम्मान निधि कार्यक्रम का प्रसारण
पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशालय में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तत्वाधान में किसान-वैज्ञानिक पारस्परिक चर्चा कार्यक्रम हुआ। प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. वाईपी ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया गया। इसमें अवैरी, तारागढ़, सेहल, धरेड़, कंडी, लुलानी, अगोजर, लदोह, संगूर और पंचरुखी आदि गांवों से आए करीब साढ़े तीन सौ किसानों ने भाग लिया। निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. वाईपी ठाकुर, गृह विज्ञान महाविद्यालय की डीन डॉ. प्रोमिला कंवर, विश्वविद्यालय प्रसार परिषद की सदस्या ऊर्मिल भूरिया और धरेड़ पंचायत की प्रधान पिंकी देवी ने भी किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में वित्त नियंत्रक गुरमीत सिंह और छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. एके गोयल आदि मौजूद रहे।