शाहपुर (कांगड़ा)। शाहपुर उपमंडल के इलाकों डढंब, चड़ी, थ्रोट, अनसुई और घरोह में पिछले एक माह से बिजली की आंख मिचौनी से उपभोक्ता परेशान हैं। डढंब गांव के राजीव सोनी, निरंजन दास, प्यार सिंह, हरी सिंह और संजय कुमार ने बताया कि इलाके में विद्युत लाइनों का मरम्मत का काम नहीं चल रहा है, फिर भी दिन में बीस से अधिक बार बिजली के कट लग रहे हैं।
महिला मंडल की महिलाओं सुषमा देवी, आरती देवी, श्रुति धीमान, बिमला देवी और कांता देवी ने कहा कि इस संबंध में कई बार उपमंडल कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन फिर भी गांव में बिजली सही ढंग से नहीं मिल रही है। गांव की महिलाओं ने कहा कि कुछ ही दूरी पर बिजली बोर्ड का गज पावर हाउस है।
फिर भी बोर्ड सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति करने में नाकाम रहा है। महिलाओं अंबिका देवी, सुषमा रानी और आकांक्षा चौधरी ने कहा की शाम के समय भी बिजली बंद रहती है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका असर पड़ रहा है। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता रूमेल सिंह ने कहा कि विद्युत आपूर्ति को ग्रामीण इलाकों में सुचारु रूप से चलाया जाएगा।