धर्मशाला। अंडरग्राउंड डस्टबिनों में व्यवस्थित ढंग कूड़ा-कचरा डालने के लिए जागरूकता पर निगम प्रशासन ने लाखों रुपये खर्च कर दिए, लेकिन इतना धन बर्बाद करने के बाद भी स्मार्ट सिटी धर्मशाला के लोग जागरूक नहीं हो सके हैं। लाखों रुपये खर्च कर स्थापित किए गए हाईटेक अंडरग्राउंड डस्टबिनों में कचरा आज भी पुराने ढर्रे पर ही डाला जा रहा है।
जागरूकता न होने के चलते स्मार्ट शहर के लोग हाईटेक डस्टबिनों में पुरानी रजाइयां, कपड़े और बोरियां तक ठूंस रहे हैं, जो कि कचरे के ओवरफ्लो होने का कारण बन रही हैं। वहीं, इससे नगर निगम का स्मार्ट सिटी धर्मशाला में अंडरग्राउंड डस्टबिन लगाने का उद्देश्य सार्थक नहीं हो पाया है। क्षेत्र के लोग जहां सारे कचरे को व्यवस्थित न कर एक साथ अंडरग्राउंड डस्टबिनों में झोंक रहे हैं, वहीं छोटे साइज के इन हाइटेक डस्टबिनों में ऐसी भारी वस्तुएं डाल रहे हैं, जिससे थोड़े से समय में ही हाईटेक डस्टबिन पूरी तरह से ओवरफ्लो हो रहे हैं।
बाक्स
गीत-संगीत से लोगों को किया था जागरूक
नगर निगम धर्मशाला ने क्षेत्र में लगाए गए तीन प्रकार के हाईटेक अंडरग्राउंड डस्टबिनों के बारे में जागरूकता फैलाने में लाखों रुपये खर्च किए हैं। इसके लिए निगम प्रशासन ने जहां गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों का सहारा लिया, वहीं विभिन्न स्थानों पर कई जागरूकता कैंप भी लगाए। बावजूद इसके लोग आज भी पुराने ढर्रे पर ही हाईटेक डस्टबिनों में कचरा डाल रहे हैं।
कोट
लोगों को अंडरग्राउंड डस्टबिनों के प्रति जागरूक करने के लिए एमसी पुन: अभियान शुरू कर रहा है। इसके तहत एमसी लोगों को घर-घर जाकर हाईटेक डस्टबिनों में किस तरह से कचरा डालना है, के बारे में जागरूक करेगा।
ललित जैन, आयुक्त, एमसी धर्मशाला