नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां डाकघर में मंगलवार को महिला एजेंट के पर्स से 50 हजार रुपये की नकदी उड़ाकर एक अज्ञात व्यक्ति भाग गया। यह घटना उस समय घटित हुई, जब महिला ने अपने क्लाइंट की 50 हजार रुपये की धनराशि डाकघर से निकलवाकर अपने पर्स में रखी। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात युवक पहले से ही पोस्ट ऑफिस के अंदर मौजूद था, जब तक महिला एजेंट को रुपये गायब होने का पता चलता, तब तक वह भाग चुका था।
महिला एजेंट ने स्थानीय पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। एजेंट के पति ने बताया कि उनकी पत्नी के चोरी की बात बताने पर पोस्ट ऑफिस स्टाफ तुरंत हरकत में आया और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, जिसमें एक युवक महिला एजेंट के पीछे संदिग्ध रूप से खड़ा था। दाढ़ी वाले उस युवक ने कैप पहन रखी थी और कोटी का हुड भी सर पर ओढ़ रखा था। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कुछ अन्य जगहों के सीसीटीवी फुटेज देखने पर आरोपी युवक बस अड्डे की तरफ भागता नजर आया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।