रक्कड़ में दो माह से न तहसीलदार न
ही नायब तहसीलदार, काम प्रभावित
बोनोफाइड, इनकम सर्टिफिकेट बनवाने आ रहे लोग लौट रहे खाली हाथ
15-20 किलोमीटर का सफर तय कर दफ्तर पहुंचने पर कुर्सी मिल रही खाली
सुरजीत धीमान
रक्कड़ (कांगड़ा) । रक्कड़ तहसील कार्यालय में तहसीलदार और नायब तहसीलदार के दोनों पद रिक्त होने से राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि, प्रदेश सरकार की ओर से परागपुर उप तहसील में कार्यरत नायब तहसीलदार मदन सिंह राणा को रक्कड़ तहसील का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा था, लेकिन सोमवार को उनका भी स्थानांतरण हो गया। ऐसे में राजस्व से जुड़े कार्यों का नियत समय पर निपटारा नहीं हो पा रहा है।
दोनों पद खाली होने से लोगों को बोनोफाइड, इनकम सर्टिफिकेट, रजिस्ट्री और इंतकाल संबंधी कार्यों में दिक्कत पेश आ रही है। दूरदराज क्षेत्रों पीरसलूही, कुड़ना, अलोह, सरड-डोगरी, शान्तला और पूनणी आदि पंचायतों से यहां पहुंचने वाले लोगों का कहना है कि वे 15-20 किलोमीटर सफर तय कर तहसील कार्यालय रक्कड़ पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां तहसीलदार और नायब तहसीलदार नहीं होने से उन्हें निराश घर लौटना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। एसडीएम देहरा धनवीर ठाकुर ने बताया कि रक्कड़ तहसील का कार्यभार देहरा के तहसीलदार देखेंगे, लेकिन लोगों को तहसील संबंधित कार्य देहरा में ही करवाने होंगे। स्थानीय लोगों बलदेव राज, नरेंद्र, अश्विन, विशाल, अंकुश, बिंदु राणा, समीर, पंकज, प्यार चंद, वीरेंद्र आदि प्रतिनिधियो ने उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर से मांग की है कि जल्द ही रक्कड़ में तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की नियुक्ति की जाए।