वेतन को बंद करने की कोशिश की तो होगा आंदोलन
विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी यूनियन की दो टूट
अमर उजाला ब्यूरो
जसूर (कांगड़ा)। विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी यूनियन ने कहा कि अगर अगले महीने के वेतन को बंद करने की कोशिश की गई, तो प्रबंधन कार्यालय के बाहर आमरण अनशन किया जाएगा। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर ने कहा कि बोर्ड की ओर से अगले महीने तकनीकी कर्मचारियों के वेतन रोकने की सूचना आ रही है। इसका यूनियन पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह में नगरोटा बगवां में यूनियन का आठवां महा अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान यूनियन की नई कार्यकारिणी चुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड आज एक मुश्किल दौर से गुजर रहा है। प्रदेश में जहां 1972 में डेढ़ लाख उपभोक्ताओं पर 46,000 के करीब कर्मचारी मौजूद थे, वह अब 23 लाख उपभोक्ताओं पर मात्र 6000 टेक्निकल कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वक्त विभाग में 23 चीफ इंजीनियर हैं, जबकि इनकी जरूरत मात्र दो की है। बोर्ड में टीमेट और अन्य कर्मचारियों के पदों में भारी कमी चल रही है। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड प्रबंधन के मनमाने ढंग से तकनीकी कर्मचारियों के उत्पीड़न को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दुनी चंद ठाकुर, नेक राम ठाकुर, लक्ष्मण काप्टा, सुरेंद्र पराशर आदि मौजूद रहे।