पालमपुर में कंपनी से पार्किंग का करार रद्द
शहर में बनाया जाना था पार्किंग कम कांप्लेक्स
काम शुरू न करने पर नप ने लिया फैसला
विनोद राणा
पालमपुर (कांगड़ा)। शहर पालमपुर में बनने वाली मल्टी स्टोरी पार्किंग कम शॉपिंग सेंटर का करार (एग्रीमेंट) आखिर नगर परिषद पालमपुर ने रद्द कर दिया है। करीब दो साल तक कंपनी की ओर से काम शुरू न होने पर नप ने यह फैसला लिया है।
पार्किंग का काम कैसे होगा, नप अब इस काम पर कोई जल्द फैसला लेगी। शहर पालमपुर में पुरानी सब्जी मंडी के पास मल्टी स्टोरी पार्किंग कम शॉपिंग सेंटर बनाया जाना है। इसका एग्रीमेंट नप और गुड़गांव की निजी कंपनी के बीच हुआ था। यह एग्रीमेंट करीब 2012 में हुआ था लेकिन नप की ओर से कुछ औपचारिकताएं पूरी की जानी थीं। इस पर नप ने करीब पौने साल पहले अपनी सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी थीं। बावजूद, इसके कंपनी पिछले पौने दो साल के बाद भी काम शुरू नहीं कर पाई। नप कंपनी को कई बार नोटिस भी भेज चुकी थी लेकिन कंपनी ने इस ओर कोई कदम नहीं उठाया। पालमपुर शहर को बढ़ती वाहनों की संख्या से निजात दिलाने के लिए पूर्व भाजपा सरकार में इस पार्किंग की नींव पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सांसद शांता के साथ 2008 में मिलकर रखी थी लेकिन भाजपा के समय काम शुरू नहीं हो पाया। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 2015 में पार्किंग का शिलान्यास किया काम फिर भी शुरू नहीं हुआ, तो यह देख 2016 में पालमपुर आए वीरभद्र सिंह ने इस पार्किंग का टेंडर रद्द करने के आदेश नप को दिए थे। इस पर कंपनी ने कुछ बैंक के कागजातों को तैयार होने के लिए नप से वक्त मांगा था। लेकिन, अब तक काम शुरू नहीं हो सका।
नप पालमपुर के कार्यकारी अधिकारी देशराज चौधरी ने कहा कि नप ने कंपनी को काम शुरू करने के लिए पहले ही फाइनल नोटिस भेजा था। इस पर कंपनी ने समय लेने के बाद भी काम शुरू नहीं किया तो एग्रीमेंट रद्द कर दिया गया।
नप पालमपुर की अध्यक्ष राधा सूद और उपाध्यक्ष ठाकुर बलवंत सिंह ने कहा कि कंपनी को काम शुरू करने के लिए कई बार नोटिस दिए लेकिन, कंपनी ने काम शुरू नहीं किया। इस पर नप ने बैठक में कंपनी का एग्रीमेंट रद्द कर दिया।
पार्किंग के काम पर कई लोगों का फंसा है पैसा
पालमपुर में बनने वाली पार्किंग कम शॉपिंग कांपलेक्स में कंपनी की ओर से कई लोगों का पैसा जमा किया गया है, जबकि कई लोगों ने काम शुरू न होने पर अपना पैसा कंपनी से पैसा वापस भी ले लिया था। लेकिन, कई लोगों का अब भी कंपनी के पास पैसा फंसा है। अब इस पैसे का क्या होगा। इस पर आगे पता चलेगा। कंपनी ने इस पार्किंग के बीच बनने वाले शॉपिंग कांप्लेक्स के लिए कई दुकानें देने के लिए सिक्योरिटी के रूप में लोगों का पैसा जमा किया था।