अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर(कांगड़ा)। पालमपुर में चार दिवसीय राज्य स्तरीय होली मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद शांता कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। होली मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर और पहाड़ी गायक धीरज शर्मा ने खूब समां बांधा। वहीं, बॉलीवुड से आए गायक आदित्य नारायण ने युवाओं को खूब नचाया। समारोह में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार निकट भविष्य में पालमपुर शहर की नगर निगम की मांग पर अवश्य विचार करेगी। पालमपुर में इंडोर स्टेडियम के लिए आग्रह पर भी विचार किया जाएगा। बशर्ते इसके लिए भूमि उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने कहा पालमपुर के रज्जू मार्ग की रिपोर्ट ली जा रही है।
उन्होंने शहीद विक्रम बतरा मैदान के मंच का विस्तार करने का भी आश्वासन दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। होली मेला समिति ने सीएम राहत कोष में 51 हजार और समाज सेवी मुकेश सूद उर्फ टीनू ने एक लाख रुपया दिया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, विधायक मुल्ख राज प्रेमी और रवि धीमान, पूर्व विधायक दूलो राम, प्रदेश भाजपा महिला अध्यक्ष इंदु गोस्वामी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, हिमांशु मिश्रा, अजय शर्मा, संजीव सोनी, अनुराधा शर्मा, अमिता राणा, सुनीता नैंसी, उपायुक्त संदीप कुमार, एसपी संतोष पटियाल, एसडीएम पंकज शर्मा, डीएसपी विकास धीमान समेत कई लोग मौजूद रहे।
बाक्स
सच्चाई के रास्ते पर चलने की सीख देती है होली : शांता
होली के समापन समारोह में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का स्वागत किया। सांसद शांता कुमार ने कहा कि होली हमें सच्चाई और अहिंसा का पाठ पढ़ाती है। ‘प्रेम ही ईश्वर है और ईश्वर ही प्रेम है’ अर्थात हमें शांति और सौहार्द के साथ रहना चाहिए। अपने आसपास के अलावा सभी लोगों से प्यार करना चाहिए ताकि विश्व रहने के लिए स्वर्ग जैसा बन सके। प्रदेश में अच्छे दिन आने वाले हैं, जयराम ठाकुर बेहतर कार्य कर रहे हैं।