धर्मशाला। नवभारत एकता दल ने पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग पर सभी 14 ट्रेनों की बहाली को लेकर मंगलवार को दोपहर 12 से लेकर 1.30 बजे तक नंदपुर रेलवे स्टेशन के बाहर सांकेतिक धरना प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने रेल ट्रैक को ब्राडगेज में बदलने की मांग की। दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीसी विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्रीय रेल अथॉरिटी अमीरों का ज्यादा ख्याल रखती है, जबकि गरीब यात्रियों की अनदेखी करती है। विश्वकर्मा ने कहा कि कांगड़ा घाटी की गरीब जनता ट्रेनों का इस्तेमाल करती है। लुनसु, त्रिपल, नंदपुर, बरियाल, बझेरा और मेघराजपुरा क्षेत्र के लोगों का जीवन यातायात रेल पर ही निर्भर है। विश्वकर्मा ने कहा कि दल ने सभी ट्रेनों की बहाली को लेकर 31 दिसंबर 2017 तक का समय दिया था। दल 2 जनवरी को नगरोटा सूरियां में धरना दे चुका है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए 14 जनवरी को दल जनता के साथ गांव गुलेर के रेलवे स्टेशन पर धरना प्रदर्शन करेगा। यदि केंद्र सरकार ने उनकी मांग नहीं सुनी तो दिल्ली में रेल भवन के बाहर भी पार्टी धरना प्रदर्शन और संसद सत्र के दौरान रोष मार्च करेगी।