अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में प्रशासन ने व्यापारी वर्ग के साथ बैठक की। बैठक में अतिक्रमण को हटा कर श्रद्धालुओं को अच्छा संदेश देने के बारे में चर्चा हुई। एसडीएम राकेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तहसीलदार वेद प्रकाश और व्यापार मंडल प्रधान अनीश सूद भी मौजूद रहे।
एसडीएम राकेश शर्मा ने कहा कि ज्वालामुखी शहर और मुख्य मंदिर मार्ग को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करना हम सब का दायित्व बनता है। इसलिए व्यापारियों के सुझावों को मद्देनजर रखते हुए मंदिर मार्ग पर येलो लाइन लगवाई जाएगी, ताकि लाइन के आगे कोई भी किसी प्रकार का अतिक्रमण न कर सके। इसी कड़ी में मंदिर मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि मंदिर मार्ग की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। वहीं, बैठक में दुकानदारों ने प्रशासन के समक्ष मंदिर के शौचालयों में सफाई व्यवस्था सुचारु करने की मांग उठाई। क्योंकि शौचालय के संचालन और मंदिर मार्गों की सफाई के लिए मंदिर के कोष से लाखों रुपया दिया जा रहा है, लेकिन उपयुक्त सफाई नहीं हो पा रही है। वहीं, मंदिर मार्ग और मुख्य मंदिर में भिखारियों पर प्रशासन का कोई भी अंकुश नहीं है। इससे आए दिन श्रद्धालु और स्थानीय लोग भिखारियों के कृत्यों से शर्मसार होते हैं। इसके अलावा मंदिर मार्ग पर बनी कैनोपी को ठीक करने की भी मांग उठाई। बैठक में स्थानीय व्यापारी सूक्ष्म सूद, ज्योति शंकर, अनिल चौहान, अनु शर्मा, राजू, जितेश, अतुल, नवरत्न, करुणेश, कपिल सूद, गोकुल चौधरी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।