ख़ब्बल–हार गौशाला में सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद शुक्रवार को श्रीमणिमहेश सेवादल के सदस्य
राजा का तालाब/जवाली (कांगड़ा)। श्री मणिमहेश लंगर सेवादल बेसहारा गोवंश का संरक्षण करेगा। सेवादल ने हार खब्बल स्थित गोशाला को गोद लेकर बेसहारा पशुओं की देखभाल का जिम्मा उठाया है। गोशाला में लगभग 400 पशुओं की देखरेख की जाएगी। 250 कनाल क्षेत्र में बनी उक्त गोशाला को सुचारू रूप से चलाने के लिए लोग लगातार सरकार से मांग करते आ रहे थे, परंतु इस विषय में कार्य सिरे नहीं चढ़ पाया। ऐसे में श्री मणिमहेश सेवादल जवाली के प्रधान मंजीत कौंडल की अगुवाई में टीम ने इसकी देखभाल करने के लिए अपने प्रयास शुरू कर दिए।
आखिरकार प्रयास रंग लाए और सरकार की तरफ से मांगी गई सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करके इस पुनीत कार्य को आगे बढ़ाने के लिए संकल्प लिया। सेवादल ने गोशाला के पास शुक्रवार सुबह नौ बजे कर्मकांड विशेषज्ञों की देखरेख में श्रीराधा कृष्ण और बाबा बालक नाथ जी की मूर्तियों को स्थापित किया है। सेवादल के संरक्षक रामनाथ शर्मा और संस्था प्रधान मंजीत कौंडल का कहना है कि गोशाला में पशुओं के चारे की विशेष व्यवस्था रहेगी।इसमें समाजसेवी लोगों से भी सहयोग भी लिया जाएगा। दल के सदस्यों महिंद्र मियां, भुवनेश डोगरा, प्रेम सिंह, राम कुमार, चैन सिंह, सतपाल सिंह, पंडित विपिन शर्मा, विनोद कंदोरिया, स्थानीय प्रधान चतर सिंह और चैन सिंह ने बताया कि गोशाला में दिन और रात के समय निर्धारित समयसारिणी के अनुसार सदस्यों की ड्यूटी लगाई जाएगी।