अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। बक्शी टेक चंद राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नूरपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में लोक निर्माण विभाग के नूरपुर सर्कल के अधीक्षण अभियंता सत्यव्रत शर्मा बतौर मुख्य अतिथि पधारे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्रधानाचार्य चंद्ररेखा शर्मा ने की। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें स्वागत गीत, दिल है छोटा सा छोटी सी आशा, देश भक्ति, राजस्थानी डांस, पहाड़ी गीत, पंजाबी भंगड़ा, लघु नाटक, भजन, देश भक्ति गीत इत्यादि पर शानदार प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। स्कूल के प्रधानाचार्य चंद्ररेखा शर्मा और स्कूल के स्टाफ की ओर से मुख्यातिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद स्कूल प्रधानाचार्य चंद्ररेखा शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और स्कूल क वार्षिक गतिविधियों बारे में अवगत करवाया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने स्कूल की मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया। साथ ही स्कूली छात्राओं को जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने की नसीहत दी। कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटी के प्रधानाचार्य करनैल सिंह पठानिया और बीटीसी स्कूल में अध्यापक रहे मुकेश शर्मा ने स्कूल को अपनी तरफ से 2100-2100 की राशि भेंट की। एसएमसी प्रधान सीमा पठानिया ने अपनी तरफ से स्कूल की छात्राओं को 1100 रुपये भेंट किए। इस मौके पर गायत्री सेवा समिति से सुरेश शर्मा, लोनिवि के एसडीओ एसएस राणा, नूरपुर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा, ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल अनिल शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि और स्कूल स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।