नूरपुर (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) नूरपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में नूरपुर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने की। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कबीर के दोहे, भंगड़ा, लघु नाटक, भजन, देश भक्ति गीत इत्यादि की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान गायत्री सेवा समिति की ओर से आए हुए सुरेश शर्मा और सोम राज शर्मा ने जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर और जुराबें वितरित कीं। इससे पहले प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर बीटीसी गर्ल्स स्कूल नूरपुर की प्रधानाचार्या चंद्ररेखा शर्मा, गायत्री सेवा समिति के सदस्य सुरेश शर्मा, सोमराज शर्मा, एसएमसी प्रधान सुनील पिंटू सहित कई अन्य गण्यमान्य अतिथि मौजूद रहे।