धर्मशाला (कांगड़ा)। जूनियर यूथ नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पांच हजार मीटर दौड़ में नेशनल रिकॉर्ड बनाने वाली साई ( स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के धर्मशाला छात्रावास की धावक सीमा को गायत्री परिवार ने सम्मानित किया। रविवार को गायत्री मंदिर श्यामनगर में आयोजित सम्मान समारोह में धावक सीमा और उनके कोच केएस पटियाल को सम्मानित किया गया। मंदिर में सीमा के उज्ज्वल भविष्य के लिए गायत्री यज्ञ भी किया गया। साथ ही सीमा को गायत्री परिवार की ओर से आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। गायत्री परिवार ट्रस्ट कांगड़ा ने वेदमूर्ति तपोनिष्ठ युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में धावक सीमा और कोच केएस पटियाल को विजय तिलक लगाया। गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन लक्ष्मी चंबियाल ने ट्रस्ट की ओर से जहां सीमा को 11 हजार रुपये का चेक दिया, वहीं ट्रस्ट के सदस्यों की ओर से एकत्रित 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी सीमा को दी गई। इस अवसर पर गायत्री परिवार के सहायक प्रबंधक रमेश कटोच और सदस्य ओंकार सिंह ठाकुर आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।