धर्मशाला। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) धर्मशाला की ओर से संचालित मातृ-पितृ सेवा ओपीडी में रविवार को 28 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर परामर्श दिया गया। इस कार्य में इस्कॉन संस्था ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। यह पहल समाज में गंभीर रोगों की रोकथाम, मानसिक तनाव से मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और आध्यात्मिक संतुलन के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
विशेष ओपीडी में आईएमए अध्यक्ष एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल गुप्ता, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सीएस राठौर, एमडी मेडिसिन डॉ. सुभाष ठाकुर और सर्जन डॉ. अंकित शुक्ला ने बच्चों, वयस्कों और बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने से कई गंभीर बीमारियों और उनकी जटिलताओं से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रत्येक रविवार को आईएमए भवन में आयोजित होने वाली इस निशुल्क ओपीडी का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। ब्यूरो