धर्मशाला। विधायक सुधीर शर्मा ने समूचे हलके को रोशन करने का प्लान तैयार किया है। उन्होंने लोकसभा सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन से 18 पंचायतों के लिए 258 सोलर लाइटें मंजूर करवाई हैं। इसके तहत बल्ला जदरांगल, सिद्धबाड़ी, खनियारा, सराह, ढगवार, टंग नरवाणा, कंड करडियाणा, सौकणी दा कोट, अंदराड़, नरवाणा, टऊ, जूहल, कनेड़, बरवाला, चतेहड़, योल बाजार, लेहसर, टीका बणी और बगली के लिए ये सोलर लाइटें मंजूर करवाई हैं। सुधीर ने कहा कि जनता की मांग पर ये योजनाएं मंजूर की गई हैं। खासकर सराह पंचायत का पिछड़ा गांव बाहल बरसों बाद रोशनी से जगमग होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार धर्मशाला की अनदेखी कर रही है। मुख्यमंत्री जानबूझकर धर्मशाला के प्रोजेक्टों को रोक रहे हैं। धर्मशाला की जनता कांग्रेस नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि नीयत साफ होनी चाहिए। कांग्रेस मेरे साथ राजनीति करे, मुझे इसकी कोई शिकायत नहीं, लेकिन धर्मशाला की जनता को टारगेट करना मुझे दुख प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल को भरपूर मदद दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी के 30 करोड़ रुपये जमा न करवाकर धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र को पीछे धकेलना चाहा है। इसके लिए कांग्रेस ने छोटे से लेकर बड़े नेताओं को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पास्सू में सब्जी मंडी, ओबीसी भवन का काम कांग्रेस ने रोका है। एयरपोर्ट पर जनता को भ्रम में रखा जा रहा है। कारोबारियों को आए दिन तंग किया जा रहा है। ब्यूरो