इंदौरा (कांगड़ा)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश का पहला सौर मॉडल गांव घोषित होने का गौरव प्राप्त कर चुकी ग्राम पंचायत राजा खासा अब ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। विधायक मलेंद्र राजन ने क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि योजना के तहत गांव में एक करोड़ रुपये की राशि से 250 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इससे पंचायत को हर वर्ष 10 लाख रुपये तक की स्थायी आय प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट से प्राप्त यह आय ग्राम पंचायत के विकास को नया आयाम देगी। इससे पंचायत में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में निरंतर निवेश किया जाएगा। परियोजना से पंचायत को न केवल हरित ऊर्जा के क्षेत्र में पहचान मिलेगी, बल्कि यह ग्रामीण स्वावलंबन और सतत विकास का आदर्श उदाहरण भी बनेगी। प्रदेश सरकार ने 31 मार्च 2026 तक राज्य को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी दिशा में सरकार ने हरित पंचायत योजना शुरू की है, जिसके तहत प्रत्येक पंचायत में 500 किलोवाट तक के सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से उत्पन्न बिजली की खरीद राज्य विद्युत बोर्ड करेगा, जिससे पंचायतों को नियमित आय का स्रोत मिलेगा। इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की बसंतपुर पंचायत भी इस योजना के तहत चयनित हुई है, जहां दो करोड़ रुपये की लागत से 500 किलोवाट का सोलर पावर प्लांट स्थापित कर पंचायत को ग्रीन पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार ई-टैक्सी, ई-बस और ई-ट्रक की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान भी दे रही है।