घोषणा के बाद आगे नहीं बढ़ी परियोजना, डीपीआर तैयार करने के लिए तकनीकी सलाहकार की रिपोर्ट अटकी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। 25 हेक्टेयर जमीन चिह्नित होने के बावजूद धर्मशाला के नजदीक नरघोटा में प्रस्तावित टूरिस्ट विलेज की योजना आगे नहीं बढ़ पाई है। पर्यटन विकास के लिहाज से अहम मानी जा रही इस परियोजना की घोषणा के बाद अब तक धरातल पर फिलहाल काम शुरू नहीं हुआ है। स्थिति यह है कि परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया भी पंजीकृत तकनीकी सलाहकार की रिपोर्ट के इंतजार में अटकी हुई है।
साल 2023-24 में प्रदेश सरकार के बजट में नरघोटा में टूरिस्ट विलेज बनाने की घोषणा की गई थी। यहां पहले हिमुडा की कॉलोनी बनाने का प्रस्ताव था। बाद में इस भूमि को पर्यटन परियोजना के लिए चिह्नित किया गया। करीब 25 हेक्टेयर क्षेत्र में टूरिस्ट विलेज विकसित करने की योजना बनाई गई, लेकिन जमीन चिह्नित होने और घोषणा के बाद भी परियोजना की अगली प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए डीपीआर तैयार होना जरूरी है। इसके लिए पंजीकृत तकनीकी सलाहकार की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही परियोजना की रूपरेखा और आगामी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकेगा।
नरघोटा में 25 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाली इस परियोजना की डीपीआर पंजीकृत तकनीकी सलाहकार (कंसलटेंट) कंपनी से रिपोर्ट मिलने के बाद ही तैयार हो पाएगी। फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। - विनय धीमान,पर्यटन अधिकारी जिला कांगड़ा